- सरकारी अधिकारी समय से दफ्तर नहीं पहुंच रहे : विजय यादव
Barhi News: ये सरकारी सिस्टम का स्याह सच है। सरकारी छुट्टी के बाद भी जिम्मेदारों की खुमारी नहीं उतरती है। रविवार की छुट्टी की खुमारी सोमवार को सरकारी दफ्तरों पर चढ़ी रही। दफ्तर में अफसरों के बैठने का समय दस बजे से निर्धारित है, लेकिन अफसर है कि समय से दफ्तर नहीं पहुंचते है। इस संदर्भ में प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि अधिकारियों के समय पर नहीं पहुंचने के कारण उनके इंतजार में फरियादियों को भटकना पड़ रहा है। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा भले ही पारदर्शी एवं जवाबदेही प्रशासन की बात की जाती हो लेकिन सरकारी विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों की लेट लतीफी और डेली अपडाउन की प्रवृति के कारण सरकारी दफ्तरों की दशा खराब है।
सरकार द्वारा भले ही समय सुबह 10 बजे से सरकारी दफ्तर निर्धारित किया हुआ है। लेकिन कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सामने आया है कि अधिकारी एवं कर्मचारी सीट से नदारद मिलते है। जिससे लोगों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिसको लेकर उन्होंने अधिकारियों से समय पर कार्यालय पहुंचने का अपील किया ताकि लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो ने बताया कि सभी प्रखंड कर्मी को निर्धारित समय पर ही पहुंचना है और उनकी उपस्थिति बायोमेट्रिक से बनेगी। अगर कोई कर्मी निर्धारित समय से देर पहुंचते है तो वैसी स्थिति में उनकी उस दिन की हाजरी काट दी जाएगी।