- विष्णुगढ़ के चलकरी में शहीद बबुनी महतो की शहादत दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
Bishnugarh News: शहीद आंदोलनकारी सह झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष शहीद बबुनी महतो की 30वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को शहादत सभा का आयोजन किया गया। उनके पैतृक गांव विष्णुगढ़ के चलकरी में आयोजित शहादत सभा में मांडू विधायक तिवारी महतो, पूर्व विधायक जेपी पटेल, झामुमो नेता गौरव पटेल समेत बड़ी संख्या में कई दलों के कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा तथा शहीद बेदी पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर विधायक ने कहा कि झारखंड वीर शहीद आंदोलनकारियों की धरती है। झारखंड का इतिहास काफी लंबा है।
स्वतंत्रता आंदोलन से भी पहले झारखंड अलग राज्य की मांग और इसके लिए कुर्बानियों की लंबी फेहरिस्त है। इन शहीदों को कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद आंदोलनकारियों के आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। इसके पूर्व के समारोह में पूर्व विधायक जेपी पटेल ने कहा कि शहीद बबुनी महतो ने पूर्व विधायक टेकलाल महतो के साथ कंधा से कंधा मिलाकर साथ दिया। कई आंदोलनों में वे सहभागी रहे। वे मेरे पिता तुल्य थे। उनकी शहादत को नमन करते हैं। इस बीच झामुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष शंभुलाल यादव ने शहीद के आश्रितों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
मौके पर विधायक के साथ कोडरमा सांसद प्रतिनिधि भुवनेश्वर पटेल, रंजीत गुप्ता, अजय मंडल, दीपू अकेला, राजू श्रीवास्तव, धीरज कुमार, पंकज महतो के अलावा पूर्व विधायक के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष शंभुलाल यादव, गुरू प्रसाद साव, कपिलदेव चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष सुखदेव रजवार, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष केबी मंडल, कपिलदेव चौधरी, महादेव मंडल, विशेश्वर स्वर्णकार, मिठू यादव, टेकोचंद महतो, हेमलाल साव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।