- विष्णुगढ़ के बलकमक्का में झारखंड आंदोलनकारियों की पुण्यतिथि पर शहादत सभा का आयोजन
झारखंड आंदोलन के दौरान सीआरपीएफ की गोली से शहीद हुए प्रखंड के सात आंदोलनकारियों की पुण्यतिथि पर मंगलवार को शहादत सभा का आयोजन किया गया। विष्णुगढ़ के बलकमक्का में आयोजित शहादत सभा में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल शामिल हुए। उन्होंने शहीद बेदी पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत उन्होंने सभी शहीदों के आश्रितों को अंगवस्त्र, मिष्टान्न तथा वार्षिक पेंशन की राशि देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि झारखंड अलग राज्य की देन में झारखंड आंदोलनकारियों की महती भूमिका रही है।
इस आंदोलन में हमारा विष्णुगढ़ भी पीछे नहीं रहा। यहां की उर्वर धरती ने कई वीर सपूतों को जन्म दिया है। जिन्होंने अलग झारखंड राज्य की खातिर सीने में गोली खाकर अपने प्राणों की आहूति दे दी। इसके अलावा कई लोगों को जेल की यातनाएं सहनी पड़ी। पुलिस के अत्याचार झेलने पड़े। इसके बावजूद आंदोलन जारी रखा। झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेताओं में शुमार पूर्व विधायक स्व. टेकलाल महतो के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने हौसला बनाए रखा। वहीं, क्षेत्र में महाजनों, सूदखोरों एवं सामंतों के अत्याचार का भी डटकर मुकाबला किया। आज इन्हीं आंदोलनकारियों की बदौलत झारखंड का अभ्युदय हुआ है। शहीद आंदोलनकारियों की शहादत बेदी पर जेएमएम, कांग्रेस तथा जेएलकेएम के कई नेताओं ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
जेएलकेएम के वक्ताओं ने कहा कि आंदोलनकारियों की शहादत के इतने दिन गुजर जाने के बाद भी उनके आश्रितों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। उनके परिजन आज भी फांकाकशी के दिन गुजार रहे हैं। इस पर सरकार को संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है। मौके पर गुरू प्रसाद साव, कपिलदेव चौधरी, मुनीलाल महतो, बुधन महतो, निरंजन महतो, जवाहर महतो, धनेश्वर महतो, रामप्रसाद महतो, अनिल पटेल, बालेश्वर महतो, पुरूषोत्तम भाई पटेल, हेमलाल महतो, बालेश्वर पठारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।