- झारखंड आदिवासी संथाल समिति द्वारा प्रखंडस्तरीय सोहराय मिलन समारोह का आयोजन
Bishnugarh News: झारखंड आदिवासी संथाल समिति विष्णुगढ़ इकाई द्वारा अलखरी कला के बाहाटांडी में प्रखंडस्तरीय सोहराय मिलन समारोह का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जयप्रकाश भाई पटेल शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का उद्घाटन किया। समारोह में पूरे प्रखंड से कई गांवों के आदिवासी संथाल समाज के लोग जुटे थे।
अतिथियों के स्वागत के बाद मांदर, झाल की थाप पर कई तरह के लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि सोहराय प्रकृति प्रदत्त जीवन मे सुख-शांति, समृद्धि एवं संपन्नता का पर्व है। ऐसी समृद्धि एवं संपन्नता सभी के जीवन में बने रहने की कामना है। आदिवासी समाज में नए साल की खुशी सोहराय लेकर आती है। घर मे नई फसल आने से कई महीनों का श्रम सार्थक होता है। घर में धन-धान्य की प्रचुरता से अलग आनंद मिलता है। कहा कि इस पर्व के माध्यम से अपनी सभ्यता-संस्कृति एवं परंपरा को अक्षुण्ण बनाये रखने की सीख मिलती है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। समारोह में झामुमो नेता गौरव पटेल, मुखिया दुलारचंद पटेल, मेहीलाल मरांडी, अध्यक्ष महादेव मुर्मू, सचिव मोहन हांसदा, कोषाध्यक्ष संझलू हांसदा, सुरेश हांसदा, राजाराम बेसरा, सुरेश मुर्मू, प्रदीप टुडू, मोतीलाल हांसदा, सोहन हेम्ब्रम, साहेब राम मुर्मू, गणेश हांसदा, बाबूचंद मुर्मू, महावीर सोरेन, रामलाल टुडू समेत कई लोग शामिल हुए।