TatiJhariya News: इन दिनों ग्रामीण इलाका भीषण ठंड की चपेट में है। जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सुबह और शाम ढलने के बाद कनकनी का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। जहां बूढ़े और बच्चे इसकी चपेट में आने से लगातार बीमार भी पड़ रहे हैं। इससे बचने के लिए लोग घरों में बोरसी का सहारा ले रहे हैं। लेकिन यही बोरसी टाटीझरिया में एक दिव्यांग के लिए जानलेवा साबित हुआ।
जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई है। टाटीझरिया प्रखंड के बड़ा डहरभंगा में ठंड से बचने के लिए पैर से दिव्यांग अविवाहित किशोर यादव (40 वर्ष) पिता नारो यादव घर में बोरसी ताप रहा था। इस दौरान अचानक लहरते बोरसी में गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया। उस समय परिजन घर के छत पर बने किचेन में थे। अचानक किशोर को बोरसी में जलते देखा तो सभी स्तब्ध रह गए। बोरसी में किशोर के जलने से उसका स्वेटर और जैकेट उसके शरीर में चिपक गया। आनन-फानन में उसे टाटीझरिया के निजी अस्पताल लाया गया। जहां से उसे हजारीबाग और फिर रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई। सोमवार को किशोर का अंतिम संस्कार बडा डहरभंगा के श्मशान घाट में किया गया।