जिले में जल्द ही खुलेगा महिला महाविद्यालय, मिली प्रशासनिक स्वीकृति
लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: मंत्री मिथिलेश ठाकुर के प्रयास से जल्द ही जिले में महिला महाविद्यालय खुलेगा। जिले की बेटियां अब अपने ही जिले में उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी।झारखंड सरकार ने इसकी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। यह गढ़वा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। जानकारी देते हुये मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने बताया कि अब गढ़वा में भी एक सुविधासंपन्न महिला कॉलेज खुलेगा। अपनी बेटियां भी गुणवत्तापूर्ण उच्च व उच्चतर शिक्षा अपने शहर में ही प्राप्त कर सकेंगी। इस महाविद्यालय के बनने में लगभग 13 करोड़ 62 लाख रुपए का खर्च आएगा। जल्द ही निविदा की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली जाएगी। जिसके बाद कार्य आरंभ होगा।

मंत्री ने बताया कि इस कॉलेज में कला, विज्ञान व वाणिज्य सभी विषयों की पढ़ाई होगी। इसमें एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी के अलावा सभी विज्ञान के विषयों के अलग अलग लैबोरेट्री भी होंगे। कॉमन रूम, स्टाफ रूम, पैंट्री, कैंटीन, अम्पीथीयेटर जैसी सभी सुविधाएं होंगी। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक बड़ा कोर्टयार्ड भी होगा। यह महाविद्यालय गढ़वा में महिला शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। अपनी बेटियां भी पढ़ेंगी और आगे बढ़ेंगी। गढ़वा की बेटी नम्रता चौबे सभी बच्चियों का प्रेरणास्रोत बनेगी। मंत्री ने कहा कि वे गढ़वा के अमूलचूल परिवर्तन के लिए कटिबद्ध हैं। गढ़वा की जनता के विश्वास पर शत प्रतिशत खरा उतरना ही मेरा संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकास क्या होता है और कैसे होता है इसका उदाहरण वे पेश करेंगे।


