लातेहार जिले को 02 अक्टूबर 2022 तक पूर्ण रूप से साक्षर बनाना है लक्ष्य: उपायुक्त
लाइव पलामू न्यूज/लातेहार: उपायुक्त अबु इमरान की अध्यक्षता में लातेहार जिले में साक्षरता मिशन के तहत पढ़ना लिखना अभियान का सफल संचालन कर सभी निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाने की दिशा में बैठक संपन्न की गई। इस बैठक में उपायुक्त ने कहा कि “पढ़ना लिखना अभियान” एक प्रभावशाली कार्यक्रम है। सम्पूर्ण साक्षर लातेहार , पढ़ेगा लातेहार , बढ़ेगाा लातेहार अभियान के तहत जिले में बचे हुए करीब एक लाख निरक्षर को साक्षर करने हेतु सम्पूर्ण साक्षर लातेहार अभियान का शुभारंभ किया गया है। साक्षरता अभियान के अंतर्गत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वयस्क जो औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाए तथा औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने की उम्र पार कर चुके हैं। उनकी निरक्षरता उन्मूलन के लिए पढ़ना-लिखना अभियान संचालित किया जा रहा है। जिले को 02 अक्टूबर 2022 तक पूर्ण रूप से साक्षर करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस महत्वाकांक्षी अभियान को सफल बनाने के लिए आप सबकी सहभागिता आवश्यक हैं। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए कहा गया कि पढ़ना लिखना अभियान के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर 145 व्यक्ति को (कुल पुरुष 35 एवं कुल महिला 110 ) को हस्ताक्षर करना सिखाया गया। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के द्वारा एवं प्रखंड साक्षरता मिशन प्राधिकरण तथा पूर्व में कार्यरत साक्षर भारत कार्यक्रम के कर्मी व्हाटसप , फेसबुक , एवं प्रिन्ट मिडिया , इलेक्ट्रोनिक मिडिया के माध्यम से पढ़ना लिखना अभियान का प्रचार प्रसार किया गया। जिसके फलस्वरूप राज्य के द्वारा निर्धारित लक्ष्य 6000 के विरुद्ध 6361 लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया।



बैठक में साक्षरता अभियान के तहत पढ़ना लिखना अभियान से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि ग्राम स्तर पर पाठशाला संचालित कर निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनायें। उपायुक्त ने सम्पूर्ण साक्षर लातेहार अभियान के सफल संचालन को लेकर विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
लातेहार जिले को कुपोषण मुक्त करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आपसी समन्वय बनाकर कार्य योजना पूर्ण करने का निर्देश दिया।बैठक में आइटीडीए निदेशक विदेश्वरी ततमा , जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला बरेलिया, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह, जिला साक्षरता मिशन के डीपीएम संदीप प्रजापति एवं अन्य उपस्थित थें।