मार्च में ही आग बरसा रहा सूरज, सोमवार को लू चलने की संभावना
लाइव पलामू न्यूज: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। अभी अभी तो लोगों ने ठंड से राहत पायी थी कि एकाएक सूरज अपने तेवर दिखाने लगा। आसमान मानो आग बरसा रहा हो। विगत दो दिनों से गर्मी का आलम ऐसा है जैसे जेठ की तपती दोपहरी हो । मौसम विभाग ने सोमवार को गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार जिलों में लू चलने की संभावना जताई है।
फिलवक्त गढ़वा जिले का तापमान 42डिग्री सेल्सियस के साथ टॉप पर बना हुआ है। वहीं पलामू,धनबाद,चतरा में अधिकत्तम तापमान 41 डिग्री सेल्शियस है जो सोमवार को भी रहने की संभावना है। मार्च में ही इतनी भयंकर गर्मी और तापमान में बढ्ढोत्तरी यह एहसास करवा रही कि मई – जून के महीनों में तापमान की बढ्ढोत्तरी कैसा उग्र रुप दिखाएगी। अभी से ही दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रह रहा है।

पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, पाकुड़, सरायकेला- खारसंवा, साहिबगंज, कोडरमा, लातेहार, बोकारो,गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, देवघर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं रामगढ़, लोहरदग्गा, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग जिलों की स्थिति कुछ ठीक है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस है। बात करें राजधानी रांची की तो वहां का तापमान फिलवक्त 38 डिग्री सेल्सियस है। वहीं रांची से सटे खूंटी जिले में भी अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्शियस ही है। पूरे राज्य में रांची और खूंटी जिला ही तापमान के मामले में निचले पायदान पर है।