हाल पलामू के मेडिकल कॉलेज का, महिला डॉक्टर 3 साल से है गायब
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर (शिवेंद्र कुमार) : मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर सीमा साहू पिछले 3 साल से गायब है। गौरतलब है कि डॉक्टर सीमा 2019 में मेडिकल कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के पद पर सरकार ने उन्हें बहाल किया था। बहाल होने के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज में ज्वाइन भी किया। परंतु ज्वाइन करने के बाद तुरंत वे छुट्टी पर चली गई। पहले वे 7 से 10 दिन की छुट्टी पर गई थी। परंतु धीरे-धीरे उन्होंने छुट्टी बढ़ाना शुरू कर दिया।
हद तो तब हो गई जब वह मेडिकल कॉलेज से किसी तरह का पत्राचार भी नहीं कर रही है। जबकि मेडिकल कॉलेज में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। इनके नहीं आने से ज्ञानोकोलॉजी का क्लास छात्रों को नहीं लिया जा सकेगा। हालांकि इस संबंध में प्राचार्य से पूछने पर उन्होंने बताया कि अभी गायनाकॉलोजी का क्लास चालू नहीं हुआ है। फिर भी जब 3 साल से नहीं आ रही है। तो अब यह कहना मुश्किल है कि वह आकर यहां छात्रों का क्लास भी लेगी। इस संबंध में कई बार पत्राचार भी किया गया है। परंतु वह पत्र वापस लौट कर आ जाता है।
उसमें लिखा हुआ रहता है कि यह पता गलत है। जबकि मेडिकल कॉलेज व अस्पताल अधीक्षक के द्वारा कई बार उनके वास्तविक पते पर पत्र भी भेजा गया है। फिर भी वह पत्र रिसीव नहीं हो पाता है। जबकि पत्र उनके जॉइनिंग के समय दिए गए पते पर भेजा जाता है। इस संबंध में विभाग से भी कई बार पत्राचार किया गया है। परंतु उनके तरफ से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है।
धनबाद में चलाती है क्लीनिक
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डॉ सीमा साहू धनबाद जिले में अपना क्लीनिक चलाती है। पिछले 3 साल से मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर सीमा साहू एक बार भी नहीं आई है।
क्या कहना है अस्पताल अधीक्षक का
अस्पताल अधीक्षक डॉ डीके सिंह का कहना है कि कई बार चिट्ठी भेजी गई है। परंतु चिट्ठी वापस आ जाता है। उस पत्र को कोई रिसीव नहीं करता है। बल्कि उस पर लिखा हुआ रहता है कि पता गलत है।

क्या कहना है प्राचार्य का
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के प्राचार्य डॉ शैलेंद्र कुमार का कहना है कि डॉक्टर सीमा साहू 2019 से ही नहीं है। जब उन्होंने ज्वाइन किया था। उसके बाद तुरंत छुट्टी पर चली गई है। सरकार के स्तर से भी कार्रवाई हो रही है।