उपायुक्त ने पलामू वासियों से की अपील, कहा पलामू के वीर सपूतों के योगदान की विवरणी जिला प्रशासन को कराएं उपलब्ध
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: प्रगतिशील भारत के 75 वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला स्तर पर भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित पलामू जिले का जिला डिजिटल कोष के निर्माण को लेकर पलामू जिले के वीर सपूतों की विवरणी संकलित करने में जिला जनसंपर्क कार्यालय पलामू जोर शोर से लग गया है।

उक्त जिला डिजिटल कोष में आजादी की लड़ाई में पलामू के वीर सपूतों के योगदान एवं वैसे लोगों के योगदानों का विवरण रखा जा रहा है जिन के योगदान की चर्चा अब तक नहीं हुई है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन ने सभी जिले वासियों से अपील की है कि जिनके पास भी पलामू के स्वतंत्रता आंदोलन से संबंधित जानकारी, दस्तावेज, छायाचित्र, पुस्तकें अथवा कोई संदर्भ उपलब्ध हो तो वे जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलामू को उपलब्ध करा दें।



उन्होंने पलामू वासियों से अपील की है कि सभी सक्रिय सहयोग देकर इसे सार्थक बनाएं। प्रयास है कि इन प्रमाणित सन्दर्भों/आलेखों को पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाए। सन्दर्भ उपलब्ध कराने में की गई यात्रा, छाया प्रति इत्यादि का व्यय भार भी जिला जनसम्पर्क कार्यालय, पलामू वहन करेगी। प्राप्त सामग्रियां समाहरणालय पलामू के पुराने भवन में संचालित होने वाली संदर्भ वीथिका में आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रहेगी।


