खेलने के दौरान बच्चा गिरा नहर में, डूबने से हुई मौत
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शुक्रवार को सतबरवा थाना क्षेत्र के हलुमाड में एक दर्दनाक घटना घटित हो गई। जिसमें खेलते खेलते एक सात वर्षीय बच्चे की नहर में गिरकर डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बच्चे का शव बरामद किया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त सूचना अनुसार, बच्चा लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र का निवासी था। कुछ दिनों पहले वह अपने ननिहाल हलुमाड आया था। शुक्रवार शाम वह अपने दोस्तों के साथ नहर के किनारे खेलने गया था। इस दौरान कुछ बच्चे नहर में नहा रहे थे।
इसी दौरान वह नहर में गिर गया, मौके पर खेल रहे बच्चों ने उसे बचाने की भी कोशिश की। लेकिन नाकाम रहे जिसके बाद बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया। बच्चों के शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नहर में बच्चे को ढूंढना शुरू किया। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर बच्चे का शव बरामद किया। बच्चे का शव झाड़ियों में फंसा हुआ था। घटना से परिजन सदमे में है और कुछ भी बता पाने में असमर्थ हैं।