जंगल में पेड़ से लटका मिला महिला का शव, पति पर है हत्या का शक, पति है फरार
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शुक्रवार को मनातू थाना क्षेत्र के मोरधवई गांव से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल गुरुवार शाम पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को एक पेड़ से लटका कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त सूचना अनुसार मृतका उर्मिला देवी और पति प्रवीण सिंह के बीच विवाद था। बावजूद इसके दोनों जंगल में लकड़ी काटने गये थे। इसी दौरान प्रवीण घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना गुरुवार की देर शाम में घटित हुई है। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण लकड़ी काटने के लिए जंगल पहुंचे तो महिला का शव पेड़ से लटका दिखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल थाना को दिया। जिसके बाद थाना प्रभारी पवन कुमार सदल बल मौके पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।इस बाबत थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की अनुसंधान कर रही है। घटना के बाद से पति फरार है। हमें आशंका है कि पति ने ही हत्या को अंजाम दिया है। महिला के शरीर पर कई चोट के निशान है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सब स्पष्ट हो पाएगा।