सेवा को मिला सम्मान, सबसे बड़ा इनाम : दीपक
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: दैनिक भास्कर समूह ने इंडियन रोटी बैंक के पलामू इकाई के संचालक दीपक तिवारी को सम्मानित किया। उन्हें रांची के चाणक्य के बीएनआर होटल में शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने मोमेंटे व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस सम्मान को सेवा के इनाम के रूप में देखा जा रहा है। इस मौके पर पद्मश्री मुकुंद नायक, पद्मश्री मनू मंसूरी हंसमुख, पद्मश्री सिमोन उरांव समेत हरेक क्षेत्र के दर्जन भर दिग्गज उपस्थित थें।

पलामू के सेवादार दीपक तिवारी को कोरोना काल समेत अनवरत जरूरतमंद-असहायों के बीच सेवा कार्य करने के लिए झारखंड के गौरव से नवाजा गया। पिछले पांच वर्षों से इंडियन रोटी बैंक के बैनर तले प्रदेश संयोजक दीपक तिवारी एवं उनकी टीम भूखों को भोजन, जरूरतमंद-असहायों को राशन, दवा एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराने का काम करती आ रही है। समाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए देश की राजधानी दिल्ली, राज्य की राजधानी रांची, एवं पलामू के मुख्यालय मेदिनीनगर में दीपक तिवारी को बड़े मीडिया घरानों के मंच पर सम्मानित किया जा चुका है।



मौके पर दीपक तिवारी ने बताया कि भास्कर परिवार ने झारखंड के गौरव के रूप में पहचान कर सेवा को सबसे बड़ा इनाम दिया है, जो हौसला बढ़ाता है। झारखंड प्रदेश में संचालित 12 यूनिट के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य इस सम्मान के साथ-साथ बधाई के पात्र हैं। इंडियन रोटी बैंक के सेवा कार्य को समाज की तीसरी आंख एवं लोकतंत्र के चौथे स्तंभ सम्मान दे रहे हैं। जिससे हमारी जिम्मेदारी बढ़ रही है और हम इसे निभाएंगे। साथ ही दीपक ने भरोसा दिया कि आने वाले दिनों में हम स्थायी नि:शुल्क भोजन केंद्र संचालित करने की मुहिम का भी शुभारंभ करेंगे। जो झारखंड के हर एक जिले में जरूरतमंद, असहाय, लाचार, मानसिक कमजोर, विक्षिप्त के लिए नि:शुल्क सेवा प्रदान करेगी।