IPL स्टार क्रिकेटर राहुल त्रिपाठी पहुंचे पलामू अपने ननिहाल, कहा- देश के लिए खेलना सपना, बीरेंद्र सहवाग और मैथ्यू हेडन भी कर चुके हैं इनके खेल की तारीफ
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: सनराइजर्स हैदराबाद के हरफनमौला खिलाड़ी राहुल त्रिपाठी गुरुवार को पलामू के रजवाडीह स्थित अपने ननिहाल पहुंचे। उनकी मामी रजवाडीह पंचायत से मुखिया पद की प्रत्याशी हैं और शुक्रवार को मतदान है। ऐसा कहा जा रहा है कि मामी के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने के लिए राहुल चुनाव से एक दिन पहले पलामू पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि वे अपने बेहतर खेल के बदौलत भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं। भारत के लिए क्रिकेट खेलना उनका सपना और जुनून दोनों है। उनका काम है क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना। अपनी मेहनत व जूनून की बदौलत एक दिन वे जरुर भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। राहुल ने कहा आईपीएल खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन प्लेटफार्म है।

यह मुकाम हासिल करने का एक अवसर भी है।सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, महेंद्र सिंह धोनी उनके आइडल हैं। उन्होंने बताया कि वे करीब 22 वर्षों के बाद पलामू आए हैं।उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल के बाद दर्शकों का मैदान पर लौटना अच्छी बात है। नतीजन अब खेलने में मजा भी आ रहा है।बता दें कि राहुल ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत केकेआर से की थी। आइपीएल के 15वें सीजन(2022) में वे हैदराबाद सनराइजर्स की तरफ से खेल रहें थें। हालांकि उनकी टीम प्ले ऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई।


