एक बार फिर चीन में कोरोना मचा रहा कोहराम
लाइव पलामू न्यूज: एक बार फिर से चीन में कोरोना ने तबाही मचाना शुरु कर दिया है। शुक्रवार को 3,472 नए मामले सामने आए हैं। जिसमें से कई ऐसे कोरोना संक्रमित मरीज मिले जिनमें कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं पाए गए हैं। चीन के शंघाई में कोरोना के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। जब कि लंबे समय से शंघाई में लॉकडाउन लागू है। शंघाई में 3,200 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जबकि बिना लक्षण वाले कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 19872 दर्ज की गई।
क्या मौत छिपाने का प्रयास कर रही है सरकार?
एक रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को शंघाई के अस्पताल में दर्जनों बुजुर्ग मरीजों की कोविड-19 से मौत हो गई। बावजूद इसके आधिकारिक सरकारी आंकड़ें यह दावा कर रहे हैं कि 2020 के बाद से शहर में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए शंघाई में सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है। शहर के लोग अपने घरों पर कैद होने पर मजबूर हो गए हैं। बताते चलें कि चीन के वुहान से 2019 में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला सामने आया था। बाद में कोरोना वायरस संक्रमण ने पूरी दुनिया में पांव पसारते हुए जम कर तबाही मचायी थी। अब एक बार फिर से चीन में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जबकि विश्व के अन्य हिस्सों में लगभग इस पर काबू पाया जा चुका है।