पत्थर माफियाओं को सरकार दे रही संरक्षण: कमलेश सिंह
लाइव पलामू न्यूज/रांची: मंगलवार को विधानसभा में विधायक कमलेश सिंह ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह पत्थर खननकर्ताओं को संरक्षण दे रही है। विगत वर्ष भी यह मामला उनके द्वारा उठाया गया था। उन्होंने कहा कि रिद्धि – सिद्धि और गौतम इंटरप्राइजेज द्वारा पत्थरों का अवैध उत्खनन कर उसका भंडारण किया जा रहा है। इससे सरकार को करोड़ों के राजस्व का चूना लग रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि सरकार स्पष्ट करे कि अब तक कहां तक जांच हुई है और इस मामले में क्या कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सरकार यह भी स्पष्ट करे कि इस कारण कितने रूपये राजस्व की हानि हुई है। सरकार पदाधिकारियों व पत्थर माफियाओं को संरक्षण देने का काम कर रही है।
इसके जवाब में मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि रिद्धि सिद्धि व गौतम इंटरप्राइजेज की जांच कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही अभी भी जांच जारी है। एक महीने के भीतर सरकार सभी पत्थर भंडारण केंद्रों की जांच की जाएगी। राजस्व का नुकसान सरकार को बर्दाश्त नहीं है।