राज्य में ठनका व आंधी से हुई चार लोगों की मौत, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
लाइव पलामू न्यूज/रांची: शनिवार को राज्य में मौसम ने जमकर कहर बरपाया। आंधी और ठनका की वजह से चार मौतें हुईं। साहिबगंज में दो और बोकारो और खूंटी में एक- एक मौतें हुई। साहिबगंज के गंगोता टोला में एक वृद्ध की ठनका गिरने से मौत हुई। जबकि राधानगर थाना क्षेत्र में ठनका से एक महिला की मौत हो गई।
बोकारो में धनंजय कुमार आंधी के शिकार हुए। वहीं खूंटी के कर्रा में ठनका ने एक बच्चे को अपना शिकार बना लिया। राज्य के आधे हिस्से में भले ही मौसम ने रुख बदल कर राहत दी है। लेकिन अभी भी पलामू व गढ़वा जिले में सूरज आग उगल रहा है। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से आम आदमी का जीवन बेहाल है। शनिवार को पलामू व गढ़वा का पारा 46 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने 1- 4 मई तक राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवा, आंधी , वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है।