पलामू के चिकित्सकों ने कैंडल मार्च निकाल डॉक्टर अर्चना शर्मा को दी श्रद्धांजलि,शनिवार को कार्य बहिष्कार का किया ऐलान
लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: राजस्थान में झारखंड निवासी डॉक्टर अर्चना शर्मा के सुसाइड से देश में काफी आक्रोश है। जगह- जगह पर इसे लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेदिनीनगर में दिवगंत डॉक्टर को श्रद्धांजलि देते हुए आईएमए पलामू और झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विस एसोसिएशन(झासा)की पलामू इकाई द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया। इस कैंडल मार्च में एएनम, डॉक्टर सहित चिकित्सा कर्मियों ने भाग लिया।
यह कैंडल मार्च सिविल सर्जन कार्यालय से शुरु होकर छहमुहान तक गया। इस दौरान झासा के पलामू जिला अध्यक्ष डॉक्टर चमन कुमार, उपाध्यक्ष डॉक्टर अंशुमन सागर एवं आइएमए सचिव डॉक्टर अनवर निजाम ने कहा कि डॉक्टर अर्चना शर्मा झारखंड की निवासी थीं। वो यहां पली बढीं और उन्होंने अपनी शिक्षा भी रांची में ही पूर्ण किया था। इस कारण यहां के डॉक्टरों में घटना को लेकर काफी रोष है। हमारी मांग है कि डॉक्टर अर्चना शर्मा केस की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इस मांग को लेकर शनिवार को मेदिनीनगर के सरकारी व गैर सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार की घोषणा की है। इसमें आकस्मिक सेवा शामिल नहीं है।

इस संबंध में उपायुक्त, एसपी, सिविल सर्जन, डीडीसी, आयुक्त सभी को सूचित कर दिया गया है। इस कैंडल मार्च में डॉ. अरूण शुक्ला, डॉ रंजन रंजन, एसएस होरो, डा. कादरी परवेज, डॉ रत्नेश कुमार, डॉ रमाशंकर, डॉ अर्चना पांडेय, डा. सतीश सिंह, डा. संजय कुमार, डा. चमन कुमार, डा. अंशुमन सागर, डा. अनवर नेजाम, डा. राजीव नयन सहित अन्य शामिल थे।