पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र के भजना जंगल में किशोर हाथी का मिला शव,
लाइव पलामू न्यूज़ : भंडरिया थाना क्षेत्र के भजना जंगल में एक हाथी का बच्चा मृत पाये जाने से वन विभाग में सनसनी फैल गई। जंगल में जाने वाले ग्रामीण के माध्यम से वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना पाकर वन विभाग घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडल डैम क्षेत्र से कुटकू-भजना जाने के रास्ते में स्थित जंगल में तीन चार वर्ष का एक हाथी का बच्चा मृत पाया गया है। ग्रामीणों ने इसे देखा और वन विभाग को सूचना दी। ज्ञात हो कि यह क्षेत्र टाईगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां किसी भी प्रकार की गतिविधि की रोक है। बावजूद हाथी की मृत शरीर मिलने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी के पैर में जख्म है। जख्म को देखकर घटनास्थल पर पहुंचे वन विभाग के लोग कई प्रकार के कयास लगा रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि जख्म के कारण हाथी की मृत्यु हुई है, तो कुछ लोग इसे हाथी के दांत की तस्करी से जोड़कर देख रहे हैं। जिसमें हाथी को गोली मार कर हाथी के दांत की तस्करी की गई है।



पीटीआर के अधिकारियों के साथ ही वन विभाग से पोस्टमार्टम करने के लिये कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के पश्चात ही सही जानकारी मिल पायेगी कि हाथी के बच्चे की मौत कैसे हुई।


