भाजपा ने राष्ट्रपति प्रत्याशी के रुप में इनके नाम पर लगाई मुहर…..
लाइव पलामू न्यूज: भाजपा ने अपने राष्ट्रपति उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। भाजपा की ओर से झारखंड की पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू आगामी राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगी। इसकी घोषणा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घोषणा की। वहीं राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा गया है। बता दें कि मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में सिन्हा के नाम की घोषणा के बाद अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान होना अब तय माना जा रहा है। द्रौपदी मुर्मू अगर राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित होती हैं तो वे आदिवासी पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी। भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा कि बैठक में झारखंड के पूर्व राज्यपाल और आदिवासी नेता मुर्मू के नाम पर चर्चा हुई। पहली बार आदिवासी महिला उम्मीदवार को वरीयता दी गई है।
बता दें कि सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तरह, द्रौपदी मुर्मू भी लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी हैं और विधायक और मंत्री रही हैं। मुर्मू ने ओडिशा सरकार में परिवहन और वाणिज्य विभागों का नेतृत्व किया है और 2007 में विधायक के लिए नीलकंठ पुरस्कार भी जीता है। इस चुनाव में यदि मुर्मू की जीत होती है तो उनके रुप में देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिलेगी। 64 वर्षीय मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रह चुकी हैं। भाजपा संसदीय बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक से पहले आज पूर्वाह्न अमित शाह और राजनाथ सिंह ने नड्डा के साथ उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की थी।