Hazaribagh News: धनबाद से प्रकाशित दैनिक अखबार ‘आवाज’ के हजारीबाग ब्यूरो प्रमुख सह वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश पांडेय का शनिवार को असामयिक निधन हो गया। स्वभाव से मिलनसार, मृदुल एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी वे विष्णुगढ़ प्रखंड के बनासो के रहने वाले थे।
लंबे समय से हजारीबाग में रहकर वे पत्रकारिता करते थे। बताया जाता है कि 45 वर्षीय पत्रकार प्रकाश पांडेय बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। रांची के आलम हॉस्पीटल में उनका इलाज चल रहा था। इसी दौरान शनिवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते हीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया में शोक संवेदनाओं का तांता लग गया। दोेपहर बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बनासो पहुंचा।
शव पहुंचते हीं परिजनों के करूण विलाप से लोगों की आंखें नम हो गई। अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। एकलौते पुत्र शाश्वत कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी। वे अपने पीछे पत्नी समेत एक पुत्र तथा दो नन्हीं पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनके निधन पर पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने शोक जताया है। डीसी नैंसी सहाय ने भी निधन पर अपनी संवेदना प्रकट की है।