Barhi News : ठंड ने बरही में अपनी आमद दर्ज करानी शुरू कर दी है, लेकिन अलाव जलाने की कवायद दूर – दूर तक कहीं दिखाई नहीं दी रही है। लगातार तापमान में गिरावट होने और पछुआ हवा चलने से सुबह और शाम में सिहरन बढ़ने लगी है। बरही में बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
ठंड शुरु होते ही बरही प्रशासन प्रक्रिया पूरी कर बरही के सार्वजनिक चौक – चौराहों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी जाती थी, लेकिन इस बार कोई व्यवस्था नहीं दिख रही है। हालात यह है कि शाम को मजदूरी पेशे से जुड़े लोग चौक – चौराहे पर कूड़ा आदि एकत्रित कर आग जलाकर ठंड को दूर कर रहे है। सभी को बरही प्रशासन की और से अलाव जलाने की व्यवस्था का इंतजार है। वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर अंचलाधिकारी अमित किस्कू ने बताया कि अलाव की व्यवस्था के लिए अभी तक जिला से कोई आदेश नहीं आया है परंतु अंचल स्तर से इसी सप्ताह से अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी।
वहीं कंबल वितरण पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो ने बताया कि अभी तक जिला से कंबल उपलब्ध नहीं कराया गया है, जैसे ही जिला से कंबल उपलब्ध करवा दिया जाता है वैसे ही क्षेत्र के बुजुर्ग एवं असहाय परिवारों के बीच कंबल वितरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।